रायगढ़

अदाणी के अधिकारी को ग्रामीणों ने बंधक बनाया, बाद में बमुश्किल छोड़ा

रायगढ़। धरमजयगढ़ के पुरूंगा क्षेत्र में अदाणी कंपनी के प्रस्तावित कोल लॉक को लेकर ग्रामीणों का विरोध लगातार जारी है। बताया जा रहा है कि रविवार को साहरसिंघा में वन विभाग एवं कंपनी के अधिकारी पेड़ों का निरीक्षण करने पहुंचे थे। बिना किसी को सूचना दिये अधिकारियों के पहुंचने से प्रभावित गांव के बाशिंदों ने अदाणी कंपनी के एक अधिकारी को बंधक बना लेने की बात सामने आ रही है। हालांकि, कुछ देर बाद उसे छोड़ दिया गया। धरमजयगढ़ के पुरूंगा क्षेत्र मे ं अदाणी कंपनी को आबंटित कोल लॉक का प्रभावित गांव के लोग विरोध कर रहे हैं। वहीं कोल लॉक की प्रस्तावित जनसुनवाई को लेकर भी ग्रामीणों द्वारा लगातार धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। इसी विरोध के बीच रविवार को वन विभाग के एसीसीएफ श्री पाण्डेय धरमजयगढ़ पहुंचे और डीएफओ जितेन्द्र उपाध्याय तथा अदाणी के अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्र के साहरसिंघा जंगल का निरीक्षण करने गये थे। विश्वस्त सूत्रों के अनुसार ग्रामीणों को बिना सूचना दिये अधिकारी के वन क्षेत्र का निरीक्षण करने जाने से उनका गुस्सा भड़क उठा। प्रभावित गांव के रहवासियों ने अधिकारियों के निरीक्षण का विरोध जताया। वहीं महिलाओं ने अदानी के एक अधिकारी कृति भूषण डनसेना को गमछे से बांधते हुए उसे बंधक बना लिया था। इधर ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए वन विभाग के अधिकारी बिना निरीक्षण किये बैरंग लौट गये। वहीं कुछ देर बाद कृति भूषण डनसेना को भी छोड़ दिया गया। कोल लाक को लेकर क्षेत्र में काफी तनाव की स्थिति बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *