रायगढ़

वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत कांग्रेस ने किया पर्चा वितरण

दशहरा पर्व के अवसर पर आज रामलीला मैदान एवं उसके समीप सत्तीगुड़ी चौक में रावण दहन देखने पहुंचे लोगों की भारी भीड़ के बीच रायगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शाखा यादव के नेतृत्व में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत पर्चा वितरण किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आम नागरिकों तक पहुंचकर मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया और मताधिकार की संवैधानिक सुरक्षा से जुड़े सवालों को उठाया। वितरित पर्चे में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग के साथ मतदाता सूची की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न आपत्तियां एवं मांगों का विवरण उल्लेख है।

कांग्रेस ने पर्चे के माध्यम से आरोप लगाया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और फॉर्म-6 में किए गए बदलावों को लेकर गंभीर सवाल सामने आए हैं। पर्चे में चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यशैली पर आपत्ति दर्ज करते हुए कहा गया कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता और विश्वसनीयता लोकतंत्र की बुनियाद है। कांग्रेस की प्रमुख मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार तत्काल इस्तीफा दें तथा चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवालों की निष्पक्ष जांच हो।

पर्चे में फॉर्म-6 में किए गए बदलावों पर आपत्ति जताते हुए कहा गया कि इससे संदिग्ध नाम जोड़ने तथा वास्तविक मतदाताओं के नाम हटने की आशंका पैदा हुई है। कांग्रेस ने कथित तौर पर हटाए गए 13.3 करोड़ नामों की प्रक्रिया पर रोक लगाने, सभी नामों का सत्यापन करने और पात्र मतदाताओं को दोबारा सूची में शामिल करने की मांग की। पार्टी ने यह भी कहा कि मतदाता सूची का पूरा डिजिटल डेटा उपलब्ध कराया जाए, ताकि कांग्रेस सहित सभी राजनीतिक दल और नागरिक वास्तविक स्थिति का अवलोकन कर सकें।

कांग्रेस ने मांग की कि नाम हटाने से पहले प्रभावित मतदाताओं को व्यक्तिगत नोटिस, सुनवाई और अपील का अवसर दिया जाए। SIR की पूरी प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाकर, जब तक सभी आपत्तियों का समाधान और प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं हो जाती, तब तक इसे आगे न बढ़ाया जाए। पर्चे में संदिग्ध एवं फर्जी नाम जोड़ने, एक ही व्यक्ति के नाम कई स्थानों पर दर्ज होने तथा मृतकों और स्थानांतरित मतदाताओं के नामों की निष्पक्ष जांच कर सार्वजनिक रिपोर्ट जारी करने की मांग भी शामिल रही।

कांग्रेस ने मतदाता डेटा और केंद्रीयकृत डेटाबेस की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि मतदाता सूची से जुड़े आंकड़ों की सुरक्षित ऑडिटिंग होनी चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या अनधिकृत बदलाव की गुंजाइश न रहे। पार्टी ने प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की संवैधानिक सुरक्षा सुनिश्चित करने, किसी भी योग्य मतदाता को मतदान के अधिकार से वंचित नहीं किए जाने तथा चुनाव आयोग की निष्पक्षता, स्वतंत्रता और संवैधानिक विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए उच्च स्तरीय न्यायिक निगरानी की मांग की।

दशहरा के उत्सवी माहौल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोगों को पर्चे के माध्यम से लोकतंत्र और मताधिकार की अहमियत से अवगत कराया। कांग्रेस का कहना है कि मतदाता सूची की विश्वसनीयता चुनावी प्रक्रिया के अलावा हर नागरिक के राजनीतिक अधिकार और देश के लोकतांत्रिक भविष्य से जुड़ा सवाल है। पार्टी ने संसद में इन मुद्दों पर चर्चा, सभी आपत्तियों का समाधान और भविष्य में मतदाता अधिकारों की रक्षा के लिए ठोस कानूनी एवं संस्थागत सुधारों की मांग की।

कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के माध्यम से मतदाता के अधिकार, लोकतंत्र की गरिमा और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था की रक्षा के लिए जनजागरूकता का यह प्रयास आगे भी जारी रहेगा।

उक्त अवसर पर मुख्य रुप से जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव ,विकास शर्मा,संदीप अग्रवाल ,अमृत काटजू ,
सत्यप्रकाश शर्मा ,शारदा गहलोत ,गुलशन साहू,
सलीम नियारिया,कन्हैया पटेल, रत्थू जायसवाल,
दीपक मंडल ,विकास ठेठवार,
वैभव चौबे व अन्य कांग्रेस जन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *